भोपाल में महा-घेराव: भाजपा सरकार की विफलताओं के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन 16 दिसंबर को

सिवनी, 14 दिसंबर 2024 – मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों और विफलताओं के खिलाफ 16 दिसंबर 2024 को भोपाल में विधानसभा के महा-घेराव का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारी और इसके उद्देश्य को लेकर आज जिला कांग्रेस कार्यालय, इंदिरा भवन में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश विधानसभा की पूर्व उपाध्यक्ष हिना कावरे ने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने सरकार पर जनविरोधी नीतियों, बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, और किसानों की अनदेखी के आरोप लगाए।

पूर्व उपाध्यक्ष हिना कावरे ने कहा, “भाजपा सरकार ने जनता से किए वादों को पूरा नहीं किया। युवाओं को रोजगार देने का दावा खोखला साबित हुआ है। किसान कर्जमाफी और न्यूनतम समर्थन मूल्य की मांग आज भी अधूरी है। कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ भोपाल में जोरदार प्रदर्शन करेगी।”

इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजकुमार खुराना और अन्य कांग्रेस पदाधिकारी भी उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि महा-घेराव में सिवनी जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन शामिल होंगे। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिलेभर में जनजागरूकता अभियान चलाने की जानकारी दी।

कांग्रेस ने इस महा-घेराव के जरिए भाजपा सरकार पर दबाव बनाने और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया है। 16 दिसंबर को भोपाल में होने वाला यह प्रदर्शन आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति को नई दिशा दे सकता है।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *