मण्डला
विश्व प्रसिद्ध चित्रकार सैयद हैदर रजा की स्मृति में रजा फाउंडेशन नई दिल्ली द्वारा 20 से 23 जुलाई तक रजा स्मृति का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिवर्ष हैदर रजा की स्मृति में आयोजन किया जाता रहा है लेकिन इस बार आयोजन में और अधिक विस्तार किया गया है। रजा स्मृति का आयोजन जिला न्यायालय के सामने स्थित रजा कला वीथिका के साथ रपटा घाट और झंकार भवन में भी किया जाएगा।

रजा फाउंडेशन के सदस्य सचिव संजीव चौबे ने बताया कि रजा स्मृति का शुभारंभ रजा कला वीथिका में 20 जुलाई की सुबह 11 बजे मध्यप्रदेश शासन की पीएचई मंत्री सम्पतिया उइके द्वारा किया जाएगा। रजा कला वीथिका में चित्रकला कार्यशाला, माटी पर रंग और छाते पर रंग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें कला प्रेमी पेंटिंग कर अपने चहेते कलाकार को रगांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान यहां ड्राइंग शीट, कैनवस, गमले, छातों पर चित्रकारी कर कलाकार हैदर रजा को याद करेंगे। कार्यशाला में आशीष कछवाहा, प्रवीण सैय्याम और अशोक सोनवानी बतौर कलाकार शामिल रहेंगे। माटी पर रंग के तहत भीखम प्रजापति मिटटी चाक से मिटटी की चीजे बनाना सिखाएंगे। बताया गया कि 20 से 22 जुलाई तक सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक चित्रकला कार्यशाला आयोजित रहेगी।

सांस्कृतिक संध्या और कथक नृत्य की होगी प्रस्तुति
रपटा घाट में आयोजित युवा चित्रकला शिविर और चित्रकला प्रदर्शनी में रजनी भोसले, प्रीति मान, रिव्या बकुत्रा, पूर्वी शुक्ल, अनूप श्रीवास्तव, रानी मालवतकर, दीपक कुमार श्याम, आत्माराम श्याम, हरिओम पाटीदार और प्रभात जोशी बतौर चित्रकार शामिल होंगे और नर्मदा तट के पवित्र और मनोरम नजारे के बीच चित्रकारी का आनंद लेंगे। 21 जुलाई की शाम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन झंकार भवन में किया गया है। उसमें शाम 6 बजे हिंदी उर्दू कविता पाठ होगा। इसमें वाजदा खान, पूनम अरोड़ा, चराग शर्मा, शाहबाज रिज़्वी अपने कलाम और कविता प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद स्थानीय कथक नृत्यांगना रानू चंद्रावल द्वारा कथक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
समापन में होगा कबीर गायन व काव्य पाठ
22 जुलाई की शाम 6 बजे हिंदी उर्दू कविता पाठ होगा। इस काव्य पाठ में सुशीला पुरी, जोशन बनर्जी आडवानी, अमरदीप सिंह और कमर अब्बास अपने काव्य पाठ करेंगे। कार्यक्रम का समापन कबीर गायन से होगा। इसमें प्रसिद्ध कबीर गायक भैरू सिंह चौहान अपने साथियों के साथ प्रस्तुति देंगे। 23 जुलाई की सुबह 10 बजे स्थानीय बिंझिया स्थित कब्रिस्तान में विश्व विख्यात कलाकार सैयद हैदर रज़ा की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी कब्र पर पुष्प अर्पण के साथ रजा स्मृति 2024 का समापन किया जाएगा। रजा स्मृति के आयोजन में इनर वोइस सोसाइटी, माँ रेवा सेवा महाआरती समिति और सरदार पटेल स्कूल ऑफ नर्सिंग, मंडला अपना सहयोग प्रदान कर रहा है।।