सिवनी के मंगलीपेठ में संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन: पूज्य आशीर्वाद महाराज ने कहा- “माता-पिता से बढ़कर दुनिया में कोई नहीं”
सिवनी, मंगलीपेठ – सिवनी के मंगलीपेठ मोहल्ले में पूज्य सदगुरूदेव भगवान पं. कमलकिशोर जी के पावन स्मृति स्थल पर दिनांक 7 मई से 13 मई 2025 तक संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन पूज्य आशीर्वाद जी महाराज (श्रीधाम वृंदावन) की प्रेरणा से सम्पन्न हो रहा है, जिसमें श्री बांके बिहारी जी की असीम कृपा और पूर्वजों के आशीर्वाद का विशेष प्रभाव देखा गया।

कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 6:30 बजे तक भक्तिभाव के साथ चल रही है। आयोजन के मुख्य यजमान मोहन यादव एवं श्रीमती लता यादव हैं, जबकि आयोजन में रुपेश यादव, राजेन्द्र सिंह (राजू), राहुल यादव, आभास यादव सहित समस्त यादव परिवार सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
पूज्य आशीर्वाद महाराज जी ने कथा के दौरान माता-पिता की महिमा का विशेष वर्णन करते हुए कहा, “माता-पिता से बढ़कर दुनिया में कोई नहीं। जिसने अपने माता-पिता की सच्चे मन से सेवा और पूजा की, उसने अपने सारे पाप धो दिए।” उन्होंने भक्त अम्बरीश जी की भक्ति की मिसाल देते हुए बताया कि कैसे प्रभु स्वयं उन्हें अपने पीतांबर से हवा देने के लिए प्रकट हुए।
इसके अतिरिक्त, महाराज श्री ने मां यमुना, मां गंगा और मां नर्मदा के महत्व का भी भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि यमुना जल से आचमन, गंगा स्नान और मात्र नर्मदा जी के दर्शन से मनुष्य को पुण्य फल की प्राप्ति होती है।
कथा के समापन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भगवान की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। नगरभर में यह आयोजन चर्चा का विषय बना हुआ है। इस अवसर पर यादव परिवार सहित नगर की अनेकों माताएं, बहनें और श्रद्धालुजन भारी संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं।
पूरे आयोजन में सिवनी नगर वासियो का सराहनीय सहयोग देखने को मिला, जिससे यह कथा आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि सामाजिक एकता का भी प्रतीक बन गया।।