हाथी घोड़ा पाल की जय कन्हैया लाल की जयकारों से गूंजा शहर

धूमधाम के साथ यादव समाज ने मनाया भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव

मंडला हाथी घोड़ा पाल की जय कन्हैया लाल की जयकारों से शहर गूंजायमान रहा। सुबह से ही यादव समाज भवन स्वामी सीताराम वार्ड में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यादव समाज के द्वारा भव्य वाहन रैली निकाली गई। बच्चों को भगवान श्रीराधाकृष्ण के रूप में सजाया गया था। स्वजातीय बंधुओं के द्वारा सुबह भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक विधि-विधान से किया गया। पूजन के बाद सभी एकजुट होकर वाहन रैली में शामिल हुये।

नगर समेत उपनगर और आसपास के क्षेत्र तिलईपानी, ईमलीगोहान, चटुआमार, सुरंगदेवरी, सनकुही, घाघा, पौंडी सहित आदि गांव से स्वजातीय बंधु एकजुट होकर यादव समाज भवन में एकत्रित हुये थे। भगवा झण्डा व सिर पर पकडी बांधकर स्वजातीय अपने-अपने वाहनों से यादव समाज भवन से वाहन रैली में शामिल हुये। वाहन रैली इलाही चौक, बुधवारी, सराफा बाजार, उदय चौक, बस स्टेण्ड, लालीपुर, बिझिंया, झण्डा चौक, नेहरू स्मारक, महाराजपुर, बैगा बैगी चौक होते हुये यादव समाज भवन में सम्पन्न हुई।

मंत्रो की गूंज से गूंजा यादव समाज भवन
यादव भवन स्वामी सीताराम वार्ड में भगवान श्रीकृष्ण का पूजन, अर्चन, अभिषेक एवं महाआरती का आयोजन यादव बंधुओं द्वारा किया गया। जिले सहित आसपास के यादव बंधु यादव समाज भवन पहुंचे यादव बंधुओं के द्वारा भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक, महाआरती, हवन आदि विधि-विधान से किया गया। मंत्रो उच्चातरण के साथ विधि-विधान से भगवान का पूजन अर्चन कराया गया। यादव समाज भवन भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजा उठा। नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की। हाथी घोड़ा पाल की जय कन्हैया लाल की के नारों से यादव समाज भवन गूंज उठा। सभी यादव बंधु परिवार की तरह मिलकर अपने आराध्य देव भगवान श्रीकृष्ण का पूजन अर्चन किया। कहा जाता है कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भाद्रपद की अष्टमी तिथि को रोहिणी नक्षत्र में हुआ था, यही वजह है कि इस पर्व को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कहा जाता है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती है। इस दिन व्रत और पूजन करने से सुख, समृद्धि और वैभव और दीघायु संतान की प्राप्ति होती है।

जगह-जगह हुआ स्वागत
यादव बंधुओं के द्वारा जो वाहन रैली निकाली गई थी उस रैली का प्रमुख चौराहों पर स्वागत किया गया। झंडा चौक स्थित हनुमान मंदिर में रैली का भव्य स्वागत किया गया। यहां रैली पर पुष्प वर्षा की गई। इसके साथ ही रैली में शामिल भक्तों को फल वितरित किये गए ।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *