बम-बम भोले जयघोष के साथ मुंडारा धाम से आरंभ हुई धर्म और आस्था की कांवड़ यात्रा
-विधायक दिनेश राय मुनमुन ने सभी की समृद्धि की कामनाओं के साथ किया मां बैनगंगा की आराधना
-जगह-जगह किया गया कांवड़ यात्रा का आत्मीय स्वागत


सिवनी:- बम-बम भोले जयघोष के साथ मुंडारा धाम से गुरु रत्नेश्वर धाम दिघौरी के लिए आरंभ हुई धर्म और आस्था की कांवड़ यात्रा में विधायक दिनेश राय मुनमुन ने शिवभक्त के रुप में सहभागिता कर सभी के सुख, शांति, समृद्धि की मंगल कामनाओं के साथ मां बैनगंगा की आराधना किया।

ब्रह्मलीन द्विपीठाधीश्वर पूज्यपाद जगतगरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाराज के आशीर्वाद से प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भगवान भोलेनाथ के प्रिय श्रवण मास के पावन अवसर पर मां बैनगंगा के उदगम स्थल मुंडारा धाम से गुरु रत्नेश्वर धाम दिघौरी तक निकाली जाने वाली शिवभक्त कांवड़ियों की दो दिवसीय कांवड यात्रा आज 11 अगस्त, दिन रविवार को श्रवण मास शुक्ल पक्ष, सप्तमी, साधना योग में प्रातः 10:00 बजे आरंभ की गयी। यात्रा आरंभ होने के पूर्व में सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मां बैनगंगा के निर्मल जल मे पुण्य स्नान किया।

तत्पश्चात धर्मवीर पंडित अजीत तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां बैनगंगा का विधिवत दूग्ध अभिषेक, पूजन, अलौकिक भव्य आरती कर सभी के सुख, शांति व समृद्धि की मंगल कामना के संकल्प के साथ संपन्न कराई। तदोपरांत विधायक दिनेश राय मुनमुन ने परिवार जनो एवं श्रद्धालुओं के साथ उदगम स्थल की परिक्रमा कर बम बम भोले के जयघोष से धर्म और आस्था की पवित्र कांवड यात्रा को आरंभ किया। इस वर्ष यात्रा के दौरान दिनेश राय मूनमुन की कांवड उनके सुपुत्र कान्हा राय सहित राम राय, प्रखर राय, प्रवेश हर्ष राय एवं पार्थ राय ने बारी-बारी से कांधे पर रखकर सनातन धर्म ध्वजा लहराते हुए मातृ धाम कातलबोडी तक यात्रा किया।

प्रारंभ हुयी कांवड़ यात्रा पूर्व निर्धारित मार्ग से होते हुए ग्राम छीतापार, गोंडेगांव तथा ग्राम कलबोडी के श्री राम मंदिर में पूजा-अर्चना उपरांत ग्राम गोपालगंज, बडकुमारी, मोहगांव से होते हुए प्रथम दिवस संध्या समय मातृधाम कातलबोडी पहुंची जहां कांवडियों द्वारा मंदिर में विराजित माता त्रिपुरसुंदरी की आराधना की गयी। इसके उपरांत विधायक दिनेश राय मुनमुन की ओर से श्रद्धालुगणों के लिए आयोजित रात्रि भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गयी तदोपरांत सभी कांवडियों द्वारा रात्रि विश्राम किया जाएगा। यात्रा के दौरान ग्रामीण जनों द्वारा जगह-जगह फूलमालाओं से कांवड़ यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया गया।
यह यात्रा 12 अगस्त सोमवार को विधायक दिनेश राय मुनमुन , परिवारजन शिवभक्त कांवड़ियों के साथ प्रातः काल मंदिर में माता रानी के दर्शन व पूजन के पश्चात पुनः कांवड यात्रा प्रारंभ कर ग्राम करहैया, जैतपुर, खैरी, भाटीवाडा, मुंगवानी, सापापार, चौड़ा होते हुए गुरुरत्नेश्वर धाम दिधौरी पहुंचेंगे। जहां पर कांवण में भरकर लाये गये मां बैनगंगा के पवित्र जल से विराजमान भगवान भोलेनाथ के विश्व प्रसिद्ध पारदर्शी स्फटिक शिवलिंग का प्रकांण्ड विद्वानों के मंत्रोच्चार के बीच जलाभिषेक पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही विधायक दिनेश राय मुनमुन व श्रद्धालुगणों द्वारा पूज्यपाद जगतगरु स्वामी श्री स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित किया जाएगा। तत्पश्चात मूनमुन राय की ओर से भक्तजनों के लिए आयोजित भोजन प्रसाद के बाद कांवड़ यात्रा का समापन किया जाएगा। उक्त यात्रा मे बडी संख्या में शिव भक्त श्रद्धालुओं की गरिमामय उपस्थिति रही।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *